वीर बाल दिवस पर हिसार में ‘सफर-ए-शहादत’ लाइट एंड साउंड शो

0
23

हिसार, 22 दिसंबर।
वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के बेसिक साइंस कॉलेज ऑडिटोरियम में साहिबजादों की सर्वोच्च शहादत को समर्पित भव्य लाइट एंड साउंड शो ‘सफर-ए-शहादत’ का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक प्रस्तुति के माध्यम से त्याग, साहस और बलिदान की अमर गाथा को अत्यंत प्रभावशाली रूप में दर्शाया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कंबोज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शो के दौरान श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की अद्वितीय शहादत को लाइट और साउंड तकनीक के माध्यम से जीवंत किया गया।

शो की शुरुआत श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के बलिदान से हुई, जिसके बाद चमकौर दी गढ़ी की ऐतिहासिक घटनाओं को दर्शाया गया और अंत में साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह जी एवं साहिबजादा बाबा फतेह सिंह जी की वीर शहादत का मार्मिक चित्रण किया गया। प्रस्तुति को देखकर ऑडिटोरियम में उपस्थित दर्शक भाव-विभोर हो उठे और साहिबजादों के त्याग व शौर्य को नमन किया।

मुख्य अतिथि प्रो. बीआर कंबोज ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि साहिबजादों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और इस प्रकार की प्रस्तुतियां युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कलाकारों को उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर बेसिक साइंस कॉलेज के डीन डॉ. राजेश गेरा, अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग, विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. बलवान सिंह मंडल, एग्रीकल्चर कॉलेज के डीन डॉ. एसके पाहुजा, निदेशक डॉ. रमेश यादव, पीआरओ डॉ. संदीप आर्य सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
लाइट एंड साउंड शो में चंडीगढ़ से आए कलाकार बलविंद्र कौर, विक्रमजीत सिंह, अक्षयेंद्र सिंह, हरप्रीत सिंह हैप्पी, गुरुविंदर सिंह, आरके चेनी, हरजोत वीर सिंह और गुरुप्रित बेंद्र ने निर्देशक तलविंदर सिंह भुल्लर के मार्गदर्शन में प्रभावी प्रस्तुति दी।