हिसार, 31 अक्टूबर।
खेल केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए युवाओं में आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है। खेल के मैदान में सीखा गया अनुशासन जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल करने में मददगार साबित होता है। हरियाणा के युवाओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। आज हरियाणा देश में खेल प्रतिभाओं की नर्सरी के रूप में अपनी विशेष पहचान बना चुका है। यह बात कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को ब्रिटिश इंटरनेशनल स्कूल बरवाला में आयोजित जिला हैंडबॉल चैंपियनशिप के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए दी। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से परिचय किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। खेल नर्सरियों के माध्यम से बच्चों को शुरुआती स्तर से ही खेलों का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक खेल उपकरण और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, छात्रवृत्ति और सरकारी नौकरी के अवसर देकर सम्मानित किया जा रहा है, ताकि युवा खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित हों। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हाल ही में भिवानी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया है। एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण सहित कुल 32 पदक हासिल किए, जबकि पैरा एशियाई खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण सहित कुल 31 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। यह उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। एशियाई खेलों में पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को सरकार ने सम्मानजनक नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया है। पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुसार करोड़ों रुपये तक की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है। इसके साथ ही खिलाड़ियों को सम्मान और रोजगार के अवसर देकर यह संदेश दिया गया है कि प्रदेश सरकार उनकी मेहनत और उपलब्धियों का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इस सफलता से प्रदेश के हजारों युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।
कैबिनेट मंत्री ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन सच्चा खिलाड़ी वही है जो हर परिस्थिति में खेल भावना बनाए रखे और अपनी कमियों से सीखकर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि गांवों और शहरों की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिले और वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करें। उन्होंने कहा कि सरकार की खेल प्रोत्साहन नीति का सकारात्मक परिणाम है कि हरियाणा के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें।



