हिसार समाधान शिविर: 5,775 शिकायतें निपटीं, 526 मामलों पर कार्रवाई जारी

0
38

हिसार, 12 दिसंबर।
जिले में चल रहे समाधान शिविरों के दौरान अब तक 5,775 शिकायतों का सफलतापूर्वक निपटारा किया जा चुका है, जबकि 526 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है। उपायुक्त महेंद्र पाल ने विभागाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द किया जाए।

शुक्रवार को आयोजित समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जून 2024 से अब तक कुल 8,425 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से अस्वीकृत एवं न्यायालयों में लंबित मामलों को छोड़कर बड़ी संख्या में शिकायतों का निपटारा कर दिया गया है।

उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि अधिकतर लंबित प्रकरण परिवार पहचान पत्र, पंचायती राज, पुलिस, राजस्व और बिजली विभाग से जुड़े होते हैं। इसलिए इन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की निगरानी करें, ताकि निर्धारित समय सीमा में नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले की एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सही टिप्पणियों के साथ समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर समय पर अपलोड की जाए।

बैठक में नगराधीश हरिराम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, एएमसी प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।