Breaking News Hisar
जिला प्रशासन हिसार द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हर सोमवार और वीरवार को आयोजित किए जाने वाले समाधान शिविर में इस बार भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में हुए इस शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने सीधे जनता की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार हर शिकायत का समयबद्ध निवारण प्राथमिकता है। उन्होंने विभागाध्यक्षों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य शिकायतें और हुई कार्रवाई
-
गांव जाखोद खेड़ा के नागरिकों ने बताया कि सरकारी नाले में गंदे पानी के मिलने से पीने का पानी दूषित हो रहा है। डीसी ने सिंचाई विभाग को मौके पर निरीक्षण कर सुधारात्मक कदम उठाने के आदेश दिए।
-
गांव सरसौद के एक शिकायतकर्ता ने सरकारी पक्के खाल को तोड़े जाने की शिकायत की। इस पर सिंचाई विभाग को खाल ठीक करने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश मिले।
-
ग्राम पंचायत मात्रश्याम के प्रतिनिधियों ने जलघर में पानी की कमी और अन्य समस्याओं पर ध्यान दिलाया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को तुरंत समाधान का आदेश दिया।
-
गांव शाहपुर में बिजली कटौती की शिकायत उठाई गई। डीसी ने डीएचबीवीएन अधिकारियों को नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
-
गांव सीसवाल के एक निवासी ने पीडब्ल्यूडी रोड पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर विभाग को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश मिले।
-
प्रार्थी ओमप्रकाश ने अपना जमीनी केस बरवाला तहसील से हिसार तहसील में ट्रांसफर करने का अनुरोध किया, जिसे उपायुक्त ने राजस्व विभाग को अग्रेषित कर दिया।
समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त जयाश्रद्धा, नगराधीश हरिराम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Kindly Visit: Suryakiran News
























