शिकायतों का त्वरित निपटारा, मंत्री पंवार ने दिए सख्त निर्देश

0
43

 

स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में शुक्रवार को जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने की। बैठक में कुल 15 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 11 शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष 4 शिकायतों को विस्तृत जांच के लिए आगामी बैठक तक लंबित रखा गया। उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैबिनेट मंत्री के दिशा-निर्देशों की अनुपालना करते हुए सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में पहली शिकायत प्रार्थी ज्ञानचंद गोयल द्वारा मिर्जापुर रोड के पास नियंत्रित क्षेत्र में अवैध कॉलोनी निर्माण के संबंध में प्रस्तुत की गई। इस पर कैबिनेट मंत्री ने तुरंत एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। दूसरी शिकायत में प्रार्थी रोहताश गुप्ता ने आरोप लगाया कि उनकी संपत्ति किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी गई है। इस पर एसडीएम बरवाला को जांच के आदेश प्रदान किए गए। वहीं बीते कई महीनों से लंबित इंद्रो देवी के मामले में बताया गया कि प्रार्थी को राशि उपलब्ध करा दी गई है, लेकिन ट्रैक्टर लोन अभी उनके नाम पर है। इस पर एलडीएम को लोन ट्रांसफर की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बहुचर्चित ऐरन गोल्ड सुक प्रोजेक्ट मामले में फर्जी हस्ताक्षर की शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने नगर योजनाकार विभाग को मूल दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि दस्तावेज प्राप्त होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई शुरू कर सके। इसी क्रम में गांव मिर्चपुर के नरेश और पवन जांगड़ा ने सरकार द्वारा जारी ग्रांट को गांव की विश्वकर्मा धर्मशाला में लगाने की मांग की। कैबिनेट मंत्री ने वैकल्पिक भूमि आवंटित करवाने तथा डी-प्लान व मनरेगा से आवश्यक विकास कार्य करवाने के निर्देश दिए।

कैमरी रोड निवासी गगनदीप की आवासीय इलाके में पशुपालन व्यवसाय के कारण जल निकासी समस्या की शिकायत पर विभाग ने बताया कि समस्याओं का समाधान कर दिया गया है। गांव सुरेवाला निवासी मीनू देवी की एसएलसी जारी न होने की शिकायत पर संबंधित स्कूल द्वारा प्रमाणपत्र उपलब्ध करा दिया गया। अर्बन एस्टेट-2 के निवासियों द्वारा दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायत पर विभागों को संयुक्त रूप से एक कमेटी बनाकर समस्या का स्थायी समाधान करने के आदेश दिए गए।

ग्राम पंचायत सलेमगढ़ ने जलघर के खराब फिल्टर व जर्जर स्थिति की शिकायत दर्ज करवाई। अधिकारियों ने एक माह के भीतर फिल्टर मीडिया दुरुस्त करने का आश्वासन दिया, जिस पर बीडीओ को निगरानी के निर्देश दिए गए। बरवाला निवासी प्रताप सिंह द्वारा गली से अवैध कब्जा हटाने की शिकायत पर रिकॉर्ड जांच कर गली में आवागमन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।

टिब्बा दानाशेर निवासी रेखा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सेक्टर 24 में आवंटित फ्लैट का पजेशन न मिलने की शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने हाउसिंग बोर्ड अधिकारियों को मुख्यालय से रिकॉर्ड मंगवाने के निर्देश दिए। महाबीर कॉलोनी निवासी राजाराम व अन्य द्वारा लंबे समय से सीवरेज ओवरफ्लो की शिकायत पर विभाग ने स्थायी समाधान की दिशा में कार्य जारी होने की जानकारी दी। इस पर कैबिनेट मंत्री ने मेयर प्रवीण पोपली को इसकी विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए।

गांव सुल्तानपुर निवासी नरेश कुमार द्वारा नाली निर्माण के दौरान खेत में नाके न लगाए जाने की शिकायत पर एसडीएम हांसी को मौके पर निरीक्षण करने के आदेश दिए गए। गांव बालसमंद के रामपाल व अन्य द्वारा जलघर की खस्ता हालत और गंदा पानी सप्लाई होने की शिकायत पर बीडीओ और कमेटी सदस्यों को जलघर का दौरा कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई।

बैठक में नलवा विधायक रणधीर पनिहार, जिला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग डाटा, उपायुक्त महेंद्र पाल, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।