राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने शुक्रवार को हिसार स्थित वन स्टॉप सेंटर का दौरा कर केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं को प्रदान की जा रही काउंसलिंग, मेडिकल सहायता, विधिक सेवाओं और अस्थायी शेल्टर जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर संतोष जताया। उन्होंने स्टाफ से केंद्र के कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड रखरखाव के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के बाद चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला उत्पीड़न से जुड़े सभी मामलों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं की सुरक्षा और सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण संस्था है, इसलिए केंद्र में साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। काउंसलिंग और कानूनी सहायता प्रदान करने में किसी भी प्रकार की देरी न हो तथा सभी केस रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखा जाए। इसके साथ ही पीड़ित महिलाओं को संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी भी तुरंत उपलब्ध कराई जाए।
इसके उपरांत चेयरपर्सन ने लघु सचिवालय सभागार में महिला विरुद्ध अपराधों और अन्य शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने नारनौंद क्षेत्र के एक नर्सिंग कॉलेज में प्रबंधन और विद्यार्थियों के बीच चल रहे विवाद को भी सुना और दोनों पक्षों को अपने-अपने पक्ष रखने का अवसर दिया।
सभी मामलों की सुनवाई के बाद रेणु भाटिया ने पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि सभी मामलों का न्यायोचित समाधान हो सके।

इस मौके पर एसडीएम ज्योति मित्तल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।























