रबी फसलों का बीमा 31 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से कराएं किसान : उपायुक्त महेंद्र पाल

0
47

उपायुक्त महेंद्र पाल ने जिले के किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी फसलों का बीमा अनिवार्य रूप से करवाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 के रबी मौसम के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है, जिसके बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिले में गेहूं, चना, सरसों, जौ एवं सूरजमुखी फसलों को शामिल किया गया है। किसानों को केवल 1.5 प्रतिशत प्रीमियम राशि का भुगतान करना होगा, जबकि शेष प्रीमियम केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत बेमौसमी बारिश, ओलावृष्टि, जलभराव एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसल को होने वाले नुकसान पर खेत स्तर पर क्षति का आकलन कर किसानों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा। यदि किसी गांव की औसत पैदावार निर्धारित मानक से कम रहती है, तो उस गांव के सभी बीमित किसानों को योजना का लाभ मिलेगा।

इसके अलावा फसल कटाई के बाद 14 दिनों के भीतर सुखाने के दौरान होने वाले नुकसान पर भी किसान खेत स्तर पर दावा कर सकते हैं। उपायुक्त महेंद्र पाल ने किसानों से समय रहते फसल बीमा करवाकर योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।

फसल बीमा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान जिला कृषि उपनिदेशक कार्यालय, केंद्र सरकार के कृषि रक्षक पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 14447, अपनी बैंक शाखा अथवा संबंधित बीमा कंपनी से संपर्क कर सकते हैं। योजना का विस्तृत विवरण कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की वेबसाइट https://agriharyana.gov.in/ पर उपलब्ध है।