हिसार, 21 नवंबर।

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा शुक्रवार को मार्केट कमेटी बरवाला के नवनियुक्त चेयरमैन प्रवीण सैनी और वाइस चेयरमैन रोशन घनघस के दायित्व ग्रहण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल कार्यकाल की उम्मीद जताई।
उन्होंने कहा कि बरवाला की अनाज मंडी प्रदेश की प्रमुख मंडियों में से एक है और इसके सुचारू संचालन के लिए टीम भावना के साथ पारदर्शिता बेहद आवश्यक है। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी नीतियों को गांव-गांव तक पहुँचाने और किसानों, मजदूरों तथा व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देने के लिए मार्केट कमेटी को सक्रियता से काम करना होगा।

मंत्री गंगवा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि ढांचे को मजबूत करने और मंडियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए कई योजनाएँ चला रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए पदाधिकारी मंडी में बेहतर प्रबंधन, सुविधाओं में सुधार और आधुनिकीकरण की दिशा में प्रभावी कदम उठाएँगे। कार्यक्रम के दौरान वे स्थानीय लोगों की समस्याएँ भी सुनते रहे और अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया ने भी दोनों अधिकारियों को बधाई दी और कहा कि मार्केट कमेटी का कार्यक्षेत्र केवल मंडी व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि यह किसानों की प्रगति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास से सीधा जुड़ा है। उन्होंने बताया कि सरकार मंडियों में डिजिटल भुगतान, पारदर्शी नीलामी प्रक्रिया और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए पदाधिकारी इन योजनाओं को किसानों और व्यापारियों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाएँगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, किसान यूनियन सदस्य, व्यापारी, मंडी कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने नए चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का स्वागत किया तथा मंडी के विकास को लेकर सकारात्मक आशाएँ व्यक्त कीं।

इस मौके पर महापौर प्रवीण पोपली, हांसी जिलाध्यक्ष अशोक सैनी, पूर्व मंत्री अनूप धानक, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, बरवाला नगर पालिका चेयरमैन रमेश बैटरी वाला, पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह धीरू, प्रवीन जैन, मोनू संदूजा, दीपक शर्मा, रमेश सरदाना, ताराचंद नलवा, अनूप सैनी, दिनेश सैनी, नरेंद्र कुंडु, देशराज, सरपंच सतबीर, राजन चावला, प्रदीप शर्मा, रविश, रणधीर बूरा, राममेहर ब्याण, सत्यवान शर्मा, कृष्ण, सतीश, अंकुश, बलवान सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।























