केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत वीरवार को नई पुलिस लाइन स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में आरोग्य भारती हरियाणा के सहयोग से नशा-मुक्त जीवन एवं स्वस्थ जीवन-शैली पर मेगा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य इंदु शर्मा ने की।

कार्यक्रम में आरोग्य भारती हरियाणा के प्रांत सचिव डॉ. यशपाल आर्य ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन-शैली, विरुद्ध आहार, संतुलित दिनचर्या तथा “स्वस्थ राष्ट्र-स्वस्थ व्यक्ति-स्वस्थ ग्राम-स्वस्थ परिवार” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की मजबूत नींव होता है। आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र सिहाग ने योग, अल्पाहार, प्राकृतिक भोजन एवं नियमित दिनचर्या अपनाने के लाभों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को इन्हें अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला सुकून काउंसलर एवं नशा मुक्त भारत अभियान के मास्टर वॉलंटियर राहुल शर्मा ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशे का एक बार भी प्रयोग करना खतरनाक लत की ओर पहला कदम होता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि यदि परिवार में कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो वह स्वयं नशा छोड़कर समाज को नशा-मुक्त बनाने में योगदान दे, क्योंकि बच्चे वही सीखते हैं जो वे घर में देखते हैं।

कार्यक्रम के दौरान एक प्रभावशाली पोस्टर प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें हुक्का, बीड़ी, शराब, चरस, गांजा, बीयर तथा नशीले इंजेक्शनों के दुष्परिणामों को दर्शाया गया। इसके साथ ही नशे से उत्पन्न होने वाली गंभीर बीमारियों जैसे एचआईवी/एड्स, हेपेटाइटिस, टीबी एवं कैंसर आदि के बारे में भी उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया गया। राहुल शर्मा ने महिला एवं बाल अपराध रोकथाम के लिए जिला नागरिक अस्पताल हिसार में स्थापित सुकून केंद्र की सेवाओं की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य इंदु शर्मा ने सभी विद्यार्थियों व स्टाफ को नशा न करने तथा नशा-मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।






















