डीएचबीवीएन के एमडी का भावभीना विदाई समारोह

0
50

डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक अशोक कुमार गर्ग आईएएस हुए सेवानिवृत्त, 33 वर्षों की सेवा का किया सफल समापन

  • दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक श्री अशोक कुमार गर्ग आईएएस आज अपने 33 वर्ष के दीर्घ और गौरवशाली सेवाकाल के उपरांत सेवानिवृत्त हो गए। उनके सेवानिवृत्ति अवसर पर निदेशक (प्रोजेक्ट) विपिन गुप्ता, निदेशक (वित्त) रतन कुमार वर्मा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
  • 24 नवंबर 1965 को हरियाणा के जींद जिले में माता श्रीमती शांति देवी और पिता श्री जोगीराम गर्ग के घर जन्मे अशोक कुमार गर्ग ने हरियाणा सिविल सेवाओं में अपनी सेवाएं प्रारंभ कीं और वर्ष 2009 में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए। उन्होंने 24 जून 2025 को प्रबंध निदेशक, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम का पदभार संभाला था। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा सौंपे गए अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। इसके साथ ही वे हिसार के मंडल आयुक्त एवं एचएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर भी कार्यरत रहे।

  • सेवानिवृत्ति अवसर पर श्री अशोक गर्ग ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं कनिष्ठ कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 1993 में सरकारी सेवा में प्रवेश के बाद आज लगभग 33 वर्षों की सेवा पूर्ण कर वे अपने कर्तव्य पथ से विदा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर अधिकारी और कर्मचारी के जीवन में यह दिन निश्चित होता है। उन्होंने सभी से हमेशा सकारात्मक सोच के साथ अधिकतम लोगों का भला करने के लिए तत्पर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक कार्य करने से न केवल बेहतर परिणाम मिलते हैं बल्कि आत्मिक संतुष्टि भी प्राप्त होती है।
  • उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल का स्मरण करते हुए कहा कि उन्हें कभी भी अपने कार्यों को लेकर किसी प्रकार का स्पष्टीकरण नहीं देना पड़ा, यह उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने निगम के हित में सदैव अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन किया और अपने कार्यकाल में सभी अधिकारी-कर्मचारियों का स्नेह एवं सहयोग प्राप्त किया। इसके साथ ही उन्होंने सेवा के दौरान संपर्क में आए सभी वरिष्ठजनों, मित्रों का मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया तथा हरियाणा के पावर सेक्टर की भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

  • उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रजनी गर्ग एवं अन्य पारिवारिक सदस्यों ने भी इस अवसर पर सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। प्रबंध निदेशक श्री अशोक गर्ग का डीएचबीवीएन के निदेशक मंडल, हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप एवं डीएचबीवीएन स्पोर्ट्स कमेटी द्वारा अभिनंदन किया गया। समारोह में निदेशक (प्रोजेक्ट) विपिन गुप्ता, निदेशक (वित्त) रतन कुमार वर्मा सहित मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

SEE MORE: Suryakiran News