आज के समय में UPI हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। सब्ज़ी खरीदने से लेकर मोबाइल रिचार्ज, बिजली का बिल भरने और दोस्तों को पैसे भेजने तक, हर काम कुछ ही सेकंड में हो जाता है। लेकिन कई बार UPI पेमेंट फेल हो जाता है या ट्रांजैक्शन पेंडिंग दिखता है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि अगर पैसे कट गए हैं तो क्या वो वापस मिलेंगे और बैंक इसमें क्या करेगा?
UPI ट्रांजैक्शन फेल होने की असली वजह क्या है?
हर बार UPI सर्वर डाउन होना ही पेमेंट फेल होने की वजह नहीं होती। कई बार बैंक या UPI ऐप की इंटरनल लिमिट के कारण भी ट्रांजैक्शन पूरा नहीं हो पाता।
जैसे—
-
एक दिन में तय ट्रांजैक्शन लिमिट पूरी हो जाना
-
एक बार में तय रकम से ज्यादा पैसे भेजने की कोशिश
-
इंश्योरेंस, निवेश या किसी खास कैटेगरी का पेमेंट
अगर मर्चेंट सही कैटेगरी में रजिस्टर्ड नहीं है या बैंक उस कैटेगरी को सपोर्ट नहीं करता, तो बड़ा अमाउंट फेल हो सकता है। ऐसे मामलों में रकम को छोटे हिस्सों में भेजना बेहतर रहता है।
UPI फेल होने पर आपके पैसे का क्या होता है?
UPI ट्रांजैक्शन फेल होने की दो आम स्थितियां होती हैं—
पहली स्थिति:
ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है और अकाउंट से पैसे कटते ही नहीं। यह पूरी तरह सुरक्षित स्थिति मानी जाती है।
दूसरी स्थिति:
पेमेंट पेंडिंग या फेल दिखता है, लेकिन अकाउंट से पैसे कट जाते हैं। ऐसे मामलों में घबराने की जरूरत नहीं होती। RBI के नियमों के अनुसार तय समय के भीतर पैसा अपने आप अकाउंट में वापस आ जाना चाहिए। अगर तय समय में रिफंड नहीं मिलता, तो ग्राहक मुआवजे का दावा भी कर सकता है।
बैंक और UPI ऐप क्या मदद करेंगे?
बैंक या UPI ऐप ट्रांजैक्शन का स्टेटस चेक करता है, डिस्प्यूट दर्ज करता है और जरूरत पड़ने पर रिवर्सल की प्रक्रिया शुरू करता है। NPCI के तहत इसके लिए एक तय शिकायत निवारण सिस्टम मौजूद है।
हालांकि, बैंक उस स्थिति में मदद नहीं करेगा जब आपने गलती से किसी गलत व्यक्ति को पैसे भेज दिए हों और ट्रांजैक्शन सफल हो गया हो। सफल ट्रांजैक्शन को फेल नहीं माना जाता। ऐसे मामलों में पैसा तभी वापस मिल सकता है जब सामने वाला व्यक्ति खुद रिफंड करे या मामला फ्रॉड से जुड़ा हो।
UPI डिस्प्यूट सही तरीके से कैसे दर्ज करें?
अगर UPI ट्रांजैक्शन में कोई दिक्कत आती है तो सबसे पहले जरूरी जानकारी संभाल कर रखें—
-
UPI रेफरेंस नंबर
-
तारीख और समय
-
ट्रांजैक्शन अमाउंट
-
स्क्रीनशॉट
सबसे पहले उसी UPI ऐप में “Help” या “Report a Problem” सेक्शन से शिकायत दर्ज करें। अगर वहां समाधान नहीं मिलता, तो अपने बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क करें और शिकायत नंबर जरूर नोट करें। इसके बाद भी समाधान न मिले, तो RBI की इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन स्कीम के तहत शिकायत की जा सकती है।
एक आसान नियम जो आपको परेशानी से बचाएगा
अगर कोई UPI ट्रांजैक्शन अटका हुआ है, तो उसी पेमेंट को बार-बार दोहराने से बचें। इससे डुप्लीकेट डेबिट हो सकता है और समस्या बढ़ सकती है। पहले यह कन्फर्म कर लें कि पुराना ट्रांजैक्शन फेल या रिवर्स हो चुका है, तभी नया पेमेंट करें।























