बरवाला में नागरिक अभिनंदन समारोह, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा—जनता का भरोसा मेरी सबसे बड़ी ताकत
बरवाला, 22 नवंबर।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें बरवाला शहर, गांवों और पूरे क्षेत्र के लोगों का अपार सहयोग और आशीर्वाद शामिल है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और वे इस भरोसे को विकास कार्यों के माध्यम से लौटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वे बरवाला नगरपालिका को नगर परिषद का दर्जा मिलने तथा क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने के उपलक्ष्य में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
लोकनिर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री गंगवा ने कहा कि विकास कार्य हमेशा से उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहे हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित जनसेवा पर आधारित शासन मॉडल पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़कों, पेयजल, सीवरेज, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार किए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण इलाकों में घर-घर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने का कार्य बड़े पैमाने पर हुआ है। युवाओं को रोजगार, किसानों को राहत, महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ लगातार बढ़ रहा है।

क्षेत्रीय विकास का उल्लेख करते हुए मंत्री गंगवा ने कहा कि बरवाला सहित आसपास के क्षेत्रों में सड़क निर्माण, नई पेयजल लाइनें, नलकूपों की स्थापना, स्कूलों के उन्नयन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे कई कार्य तेज़ी से चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई मुख्य सड़क परियोजनाएं प्रगति पर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए विशेष योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों में नए कक्ष, विज्ञान प्रयोगशालाएँ और खेल सुविधाएँ विकसित की जा रही हैं, वहीं स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति से लोगों को राहत मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में विकास की गति और अधिक तेज होगी।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कुरुक्षेत्र में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि इस बार महोत्सव की विशेषता यह है कि 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इसमें शामिल होंगे, जो आयोजन की भव्यता को और बढ़ाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार सहित कुरुक्षेत्र पहुँचकर इस ऐतिहासिक समारोह का हिस्सा बनें और गीता की सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ें।

कार्यक्रम में नगर पालिका चेयरमैन रमेश बैटरीवाला, मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रवीण सैनी, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर सिंह धीरू, ताराचंद नलवा, मोनू संजूदा, रोशन घणघस, मुनीश गोयल, सचिव प्रगति, राजा मेहता, सुरेश गोयल, देवेंद्र देव, अजय कांत जांगड़ा, मुकेश मित्तल, कृष्णा रोहिल्ला, महेश शर्मा, डॉ. देशराज, जय नारायण, राजलीवाल, रोहतास दुग्गल सहित अनेक पार्षद, संस्थाओं के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
SEE MORE: कन्या गुरुकुल डोभी: 15वां महोत्सव, मंत्री गंगवा पहुंचे
























