हिसार, 21 नवंबर।

राजकीय पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गंगवा में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर शिक्षा विभाग की ओर से जिला स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला शिक्षा अधिकारी वेद सिंह दहिया, खंड शिक्षा अधिकारी अनिल नेहरा और विद्यालय प्राचार्य जय भगवान वर्मा ने मां शारदा की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर की।
जिला नोडल अधिकारी आचार्य पवन वत्स ने बताया कि छात्रों के लिए गीता श्लोकोच्चारण, भाषण, संवाद, प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन और पेंटिंग सहित कई प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। उन्होंने बताया कि ये गतिविधियाँ दो श्रेणियों में हुईं—कक्षा 6वीं से 8वीं और कक्षा 9वीं से 12वीं। जिले के सभी नौ खंडों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया।
अष्टादश श्लोकी गीता श्लोकोच्चारण के जिला संयोजक सुरेश कुमार ने सभी शिक्षकों से आग्रह किया कि प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों से नियमित अभ्यास करवाया जाए।
कार्यक्रम के अंत में विजयी विद्यार्थियों को खंड शिक्षा अधिकारी अनिल नेहरा, प्राचार्य जय भगवान वर्मा तथा जिला नोडल अधिकारी आचार्य पवन वत्स द्वारा प्रमाण पत्र और श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को 2100 रुपये, द्वितीय स्थान को 1500 रुपये, तृतीय को 1100 रुपये और सांत्वना पुरस्कार हेतु 500 रुपये की राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी। चयनित विद्यार्थी आगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिताओं में गीता श्लोकोच्चारण में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय गोरछी की छात्रा ख्वाहिश प्रथम रही, जबकि भाषण प्रतियोगिता में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नलवा की छात्रा स्नेहा ने पहला स्थान हासिल किया। मंच संचालन संस्कृत प्रवक्ता राजीव कौशिक और आशा शर्मा ने किया। प्रश्नोत्तरी का संचालन सुरेश शास्त्री और उनकी टीम ने संभाला।
इस कार्यक्रम में शिक्षक सुशील कुमार, पंकज कुमार, संस्कृत अध्यापिका मीना कुमारी, पीटीआई रशमी, निरीक्षण समिति के सदस्य सेवानिवृत्त प्राचार्य बंता सिंह, मास्टर हवा सिंह, सेवानिवृत्त मुख्य अध्यापक सुनील दत्त सहित कई शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।
SEE MORE: मार्केट कमेटी बरवाला के नए पदाधिकारियों ने संभाली कमान























