26 जनवरी से पहले पन्नू की खतरनाक धमकी, PM मोदी को रोकने पर $1.11 लाख का इनाम: FIR दर्ज

0
5

नई दिल्ली:
गणतंत्र दिवस से ठीक पहले देश की सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। खालिस्तानी आतंकी संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) के प्रमुख और अमेरिका में रह रहे गुरपवन्त सिंह पन्नून ने 26 जनवरी को लेकर एक बार फिर भड़काऊ और हिंसक धमकी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रीय ध्वज फहराने से रोकने की खुलेआम धमकी देते हुए पन्नून ने इसके लिए 1,11,000 अमेरिकी डॉलर का इनाम तक घोषित कर दिया। इस गंभीर मामले को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पन्नून के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, पन्नून ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने दावा किया कि दिल्ली के रोहिणी और डाबरी इलाकों में उसके स्लीपर सेल सक्रिय हैं और वहां खालिस्तान समर्थक पोस्टर लगाए गए हैं। वीडियो में उसने न सिर्फ देश विरोधी नारे लगाए, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में इन इलाकों में ऐसे किसी पोस्टर के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो में पन्नून ने दावा किया कि जो कोई भी 26 जनवरी को प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्रीय ध्वज फहराने से रोक देगा, उसे 1.11 लाख डॉलर का इनाम दिया जाएगा। इसके साथ ही उसने पंजाब में रेलवे ट्रैक पर खालिस्तान के झंडे लगाने और देश में अशांति फैलाने जैसी साजिशों का भी जिक्र किया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस तरह के वीडियो का मकसद डर का माहौल बनाना और युवाओं को उकसाना है।

किन धाराओं में दर्ज हुई FIR

दिल्ली पुलिस ने गुरपवन्त पन्नून के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें

  • धारा 196: विभिन्न समुदायों के बीच शत्रुता फैलाने

  • धारा 197: राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने वाले आरोप

  • धारा 152: भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालना

  • धारा 61: आपराधिक साजिश
    शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि यह मामला केवल धमकी तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की सुरक्षा से जुड़ा बेहद संवेदनशील मुद्दा है।

77वें गणतंत्र दिवस पर कड़ी सुरक्षा

दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने 77वें गणतंत्र दिवस को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। कर्तव्य पथ, राष्ट्रपति भवन, संसद मार्ग और पूरे नई दिल्ली जिले में बहु-स्तरीय सुरक्षा तैनात की गई है। अर्धसैनिक बलों के साथ-साथ विशेष कमांडो यूनिट्स को भी अलर्ट पर रखा गया है।

सीनियर पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध पोस्ट, वीडियो या मैसेज पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। विदेश से संचालित किए जा रहे अकाउंट्स पर भी नजर रखी जा रही है।

जांच जारी, जनता से सहयोग की अपील

पुलिस का कहना है कि पन्नून द्वारा जारी वीडियो और उसके सभी दावों की गंभीरता से जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या उसके दावे महज डर फैलाने की कोशिश हैं या इसके पीछे कोई वास्तविक नेटवर्क सक्रिय है।

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि गणतंत्र दिवस का आयोजन पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा और किसी भी देश विरोधी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।