Census 2027: पहले चरण की प्रश्नावली जारी, जानें क्या-क्या पूछा जाएगा

0
17

नई दिल्ली:

भारत सरकार ने जनगणना 2027 के पहले चरण के लिए मकानसूचीकरण और मकानों की गणना से जुड़ी प्रश्नावली की अधिसूचना जारी कर दी है। यह अधिसूचना गृह मंत्रालय ने रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया के माध्यम से जनगणना अधिनियम 1948 के तहत जारी की है।

सरकार के अनुसार, जनगणना का यह पहला चरण देशभर के सभी घरों की स्थिति, परिवारों की संरचना और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र करने के लिए होगा। जनसंख्या गणना से संबंधित दूसरा चरण समय पर अलग से अधिसूचित किया जाएगा।

पहले चरण में क्या-क्या जानकारी ली जाएगी?

पहले चरण के तहत जनगणना अधिकारी प्रत्येक घर से कई अहम जानकारियां जुटाएंगे, जिनमें शामिल हैं:

  • भवन और जनगणना मकान नंबर

  • फर्श, दीवार और छत में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री

  • मकान का उपयोग और उसकी वर्तमान स्थिति

  • परिवार में रहने वाले सदस्यों की संख्या

  • परिवार के मुखिया का नाम, लिंग और सामाजिक वर्ग

  • मकान का स्वामित्व और उपलब्ध कमरों की संख्या

  • पेयजल, बिजली और शौचालय की सुविधा

  • रसोईघर, गैस कनेक्शन और खाना पकाने का ईंधन

  • इंटरनेट, मोबाइल, टीवी, कंप्यूटर जैसी सुविधाएं

  • परिवार के पास मौजूद वाहन

  • उपभोग किए जाने वाले मुख्य अनाज

  • मोबाइल नंबर (केवल जनगणना सूचना हेतु)

पुरानी अधिसूचना को किया गया निरस्त

यह नई अधिसूचना जनवरी 2020 में जारी की गई अधिसूचना की जगह लेती है। इसके तहत जनगणना अधिकारी हाउस-लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस शेड्यूल के माध्यम से अपने निर्धारित क्षेत्रों में सभी घरों से जानकारी एकत्र करेंगे।

सरकार का कहना है कि इस प्रक्रिया से देश में आवासीय स्थिति, बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुविधाओं की सटीक तस्वीर सामने आएगी, जिससे भविष्य की नीतियां बनाने में मदद मिलेगी।