डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को फिर 40 दिन की पैरोल

0
16

रोहतक।
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर 40 दिनों की पैरोल मिल गई है। साध्वी यौन उत्पीड़न मामले में सजा काट रहे राम रहीम को लगातार मिल रही पैरोल को लेकर एक बार फिर सियासी और सामाजिक हलकों में सवाल खड़े हो गए हैं।

रोहतक की सुनारिया जेल में बंद राम रहीम को 40 दिन की पैरोल दी गई है। जानकारी के अनुसार वह रविवार शाम या सोमवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेल से बाहर आएगा और सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के लिए रवाना होगा। पैरोल की पूरी अवधि राम रहीम सिरसा डेरे में ही बिताएगा।

राम रहीम को बार-बार पैरोल मिलने पर विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि एक सजायाफ्ता कैदी को इतनी बार पैरोल मिलना कानून के समान व्यवहार और न्याय प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है। वहीं प्रशासन का कहना है कि पैरोल नियमों के तहत दी गई है और सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए हैं।

पैरोल को लेकर रोहतक की सुनारिया जेल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटा जा सके।

गौरतलब है कि 2017 में साध्वी यौन उत्पीड़न मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद से गुरमीत राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। पिछली बार अगस्त 2025 में भी उसे 40 दिनों की पैरोल मिली थी, जिसे उसने सिरसा डेरे में ही बिताया था।

2025 में तीन बार जेल से बाहर आ चुका है राम रहीम

जेल नियमों के अनुसार, कैदी के अच्छे आचरण और निश्चित अवधि पूरी होने के बाद पैरोल या फरलो की प्रक्रिया शुरू की जाती है। हालांकि दोनों में अंतर होता है। फरलो की अवधि सजा में जोड़ दी जाती है, जबकि पैरोल की अवधि सजा में शामिल नहीं होती।

वर्ष 2025 में राम रहीम तीन बार जेल से बाहर आ चुका है। फरवरी और अप्रैल में उसे 21-21 दिनों की फरलो मिली थी, जबकि अगस्त में 40 दिनों की पैरोल दी गई थी। 2017 से अब तक राम रहीम को कुल 14 बार पैरोल या फरलो मिल चुकी है और यह 15वीं बार है जब वह जेल से बाहर आएगा।

राम रहीम को लगातार मिल रही राहत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है, वहीं प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जुटा हुआ है।