मुस्तफिजुर विवाद पर BCCI का बड़ा एक्शन, KKR को खिलाड़ी रिलीज करने के निर्देश

0
21

नई दिल्ली।
आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर चल रहे विवाद पर अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सामने आ गया है। बीसीसीआई ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए केकेआर फ्रेंचाइजी को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने के निर्देश दिए हैं।

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया कि मौजूदा हालात और देशभर में बन रहे सामाजिक माहौल को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। बोर्ड ने यह भी साफ कर दिया है कि यदि केकेआर किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी को शामिल करना चाहता है, तो उसे इसकी अनुमति दी जाएगी।

क्यों बढ़ा मुस्तफिजुर को लेकर विवाद?

बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर द्वारा खरीदे जाने के बाद से ही इस फैसले को लेकर विरोध शुरू हो गया था। दरअसल, बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा की घटनाओं को लेकर भारत में लगातार चिंता जताई जा रही है। इन्हीं घटनाओं का हवाला देते हुए भाजपा और शिवसेना से जुड़े कई नेताओं ने आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ी को शामिल किए जाने पर सवाल खड़े किए थे।

सोशल मीडिया पर भी शाहरुख खान और केकेआर प्रबंधन को लगातार आलोचना का सामना करना पड़ रहा था। विवाद बढ़ने के बाद मामला बीसीसीआई तक पहुंचा, जिसके बाद बोर्ड ने हस्तक्षेप किया।

केकेआर को मिलेगा रिप्लेसमेंट का विकल्प

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करना होगा, लेकिन फ्रेंचाइजी चाहे तो नियमों के तहत किसी अन्य खिलाड़ी को उनके स्थान पर शामिल कर सकती है। बोर्ड की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि भविष्य में इस तरह के मामलों में सामाजिक और राष्ट्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाएगा।

नीलामी में 9.20 करोड़ में खरीदे गए थे मुस्तफिजुर

गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में हुई आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। इस नीलामी में केकेआर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुस्तफिजुर को लेकर कड़ी बोली देखने को मिली थी, जिसमें अंततः केकेआर ने बाजी मारी थी।

सात बांग्लादेशी खिलाड़ियों में सिर्फ मुस्तफिजुर को मिला था मौका

आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में कुल सात बांग्लादेशी खिलाड़ी शामिल हुए थे। इनमें रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, तंजीम हसन साकिब, नाहिद राणा, रकीबुल हसन, मोहम्मद शोरिफुल इस्लाम और मुस्तफिजुर रहमान के नाम शामिल थे। हालांकि, इन सभी में से केवल मुस्तफिजुर को ही किसी फ्रेंचाइजी ने खरीदा था।

अब बीसीसीआई के इस फैसले के बाद यह साफ हो गया है कि केकेआर को अपनी टीम संयोजन में बदलाव करना पड़ेगा और आईपीएल 2026 से पहले यह मुद्दा पूरी तरह समाप्त हो सकता है।