हिसार, 23 दिसंबर।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने किसानों से अपील की है कि वे सरकारी योजनाओं, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसल बिक्री और फसल बीमा जैसी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए अपनी रबी फसलों का पंजीकरण ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण के किसानों की फसल को सरकारी खरीद प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा रबी फसलों के पंजीकरण का कार्य लगातार जारी है और किसानों को किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए समय रहते अपनी बोई गई फसलों का विवरण पोर्टल पर दर्ज कराना चाहिए। इसके लिए अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज फसलों का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा, जिससे सरकार के पास सटीक और वास्तविक आंकड़े उपलब्ध हो सकें। सभी किसानों का डेटा उपलब्ध होने से मंडियों में फसल खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। साथ ही, किसानों को मोबाइल संदेश के माध्यम से मंडी में फसल लाने की तारीख और समय की जानकारी दी जाएगी।
उपायुक्त ने जिले के सभी किसानों से आग्रह किया कि जिन्होंने रबी फसलों की बुवाई कर ली है, वे जल्द से जल्द पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें।
वहीं, कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. राजबीर सिंह ने बताया कि फसल पंजीकरण के लिए किसान के पास परिवार पहचान पत्र (PPP) होना अनिवार्य है। किसान https://fasal.haryana.gov.in पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए किसान टोल-फ्री नंबर 1800-180-2117 पर भी संपर्क कर सकते हैं।























