महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट के पास बनने वाले एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर पर जनसुनवाई 22 दिसंबर को

0
40

हिसार, 11 दिसंबर।
महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के नज़दीक प्रस्तावित एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर (Integrated Manufacturing Cluster) की कार्य-योजना पर समीक्षा करते हुए उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में परियोजना से जुड़े सभी चरणों को निर्धारित नियमों और उच्च मानकों के अनुसार समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों को जानकारी दी गई कि परियोजना को लेकर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा 22 दिसंबर को सुबह 11 बजे जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस दौरान एनवायरमेंट इम्पैक्ट असेसमेंट (EIA) और अन्य पर्यावरणीय पहलुओं पर आमजन की आपत्तियां, सुझाव और प्रश्न दर्ज किए जाएंगे।

अधिकारियों को बताया गया कि सिविल एविएशन विभाग ने मौजूदा औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्तावित एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर के लिए होने वाली जनसुनवाई में कोई भी नागरिक भाग लेकर अपने विचार व सुझाव रख सकता है।

उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में औद्योगिक विकास की गति बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराएगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बड़े निवेशकों को आकर्षित करने के लिए मजबूत और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा।

प्रोजेक्ट से संबंधित अधिक जानकारी देते हुए प्रबंधक कंवलजीत सिंह ने बताया कि एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर के लिए लगभग 2988 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है, जिसमें पहले चरण में 1605 एकड़ क्षेत्र को विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि NICDC हरियाणा IMC हिसार प्रोजेक्ट लिमिटेड केंद्र एवं हरियाणा सरकार का संयुक्त उपक्रम है और यह पूरा प्रोजेक्ट अमृतसर–कोलकाता औद्योगिक गलियारे (AKIC) का हिस्सा है।