स्वदेशी अपनाकर बनाएं आत्मनिर्भर भारत: मंत्री रणबीर गंगवा

0
53

बरवाला में महिला व युवा सम्मेलन

हिसार/बरवाला, 6 दिसंबर।
बरवाला के किसान रेस्ट हाउस में आयोजित महिला एवं युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने लोगों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि घरेलू उत्पादों को बढ़ावा देने से स्थानीय उद्यमियों और कारीगरों को सीधा लाभ मिलता है, जिससे राष्ट्र आर्थिक रूप से ज्यादा सशक्त बनता है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने ‘भारत रत्न’ बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर जोर

अपने संबोधन में मंत्री ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के महत्व पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि यदि देश में यह व्यवस्था लागू होती है तो इससे संसाधनों की बड़ी बचत होगी और लगातार होने वाले चुनावों पर लगने वाला अतिरिक्त खर्च समाप्त होगा। यह प्रशासनिक कार्यक्षमता को भी बढ़ावा देगा और विकास कार्यों की गति को तेज करेगा।

भारत की वैश्विक स्तर पर बढ़ती साख

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से प्रगति कर रहा है। आज दुनिया में भारत एक मजबूत राष्ट्र के रूप में पहचाना जा रहा है और सीमाओं पर किसी भी चुनौती का ठोस जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें लगातार ऐसी योजनाएं चला रही हैं, जिनसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंच सके।

जनता का बढ़ता विश्वास

सम्मेलन में महिलाओं और युवाओं की भारी उपस्थिति ने सरकार की योजनाओं व नीतियों के प्रति बढ़ते भरोसे को दर्शाया। मंत्री ने कहा कि बरवाला क्षेत्र में विकास की नई शुरुआत हो चुकी है और आने वाले समय में कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए जाएंगे। कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

गणमान्य लोगों की उपस्थिति

इस अवसर पर चेयरमैन प्रवीण सैनी, रोशन घणघस, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर धीरू, मोनू संदूजा, पार्षद ओपी मालिया, देवेंद्र देव शर्मा, जगरुप सिंह, सुरेश गोयल, पंकज बादल, दिनेश सैनी, विजय सिंह, आशा देवी, पूजा गुंदली, नीलाम जांगड़ा, हरिराम, मूनिश गोयल, संदीप गोयल, महेश शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।