लाडवा गौशाला में भव्य श्रद्धांजलि समारोह

0
19

श्री किसान धाम लाडवा गौशाला परिसर में सोमवार को 17वां वार्षिक श्रद्धांजलि समारोह एवं श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुँचकर संत-महात्माओं के आध्यात्मिक प्रवचनों का श्रवण किया। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। गौशाला पहुँचकर उन्होंने गौ माता की पूजा-अर्चना की और उपस्थित संत-महात्माओं से आशीर्वाद प्राप्त किया।

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने गौशाला प्रबंधन द्वारा किए जा रहे सेवाभावी कार्यों की सराहना करते हुए गौ सेवा हेतु 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि श्री किसान धाम लाडवा गौशाला वर्षों से बेसहारा गौवंश की सेवा कर रही है और ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि यहां तैयार की जाने वाली आयुर्वेदिक औषधियों से कई लोगों को स्वास्थ्य लाभ भी मिला है।

गौ सेवा को भारतीय संस्कृति में सर्वोच्च धर्म बताते हुए मंत्री गंगवा ने कहा कि गौ माता हमारे जीवन, कृषि और परंपराओं का महत्वपूर्ण आधार रही हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह गौशालाओं के संचालन और गौ संरक्षण में सहयोग बढ़ाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए ऐतिहासिक कदम उठाते हुए सख्त कानून लागू किए हैं। इसके साथ ही गौशालाओं के लिए बजट बढ़ाकर 600 करोड़ रुपये तक किया गया है और गौवंश संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु कई नई योजनाएँ भी शुरू की गई हैं।

कार्यक्रम में गौशाला प्रधान आनंद राज, स्वामी राजदास, रघुवीर पुनिया, कुलदीप पूनिया, मोहन शर्मा, मनबीर शर्मा, पूर्ण प्रजापति, जयवीर पघांल, सचिन शर्मा, विनोद बंसल, नसीब सुरा सहित क्षेत्र के अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।