हिसार टैलेंट सर्च: बच्चों की प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र

0
55

टैलेंट सर्च 2025 में विद्यार्थियों ने दिखाया दम, 27 टीमों व 63 प्रतिभागियों ने किया शानदार प्रदर्शन

हिसार, 23 नवंबर।
शिक्षा विभाग हिसार के जिला परियोजना संयोजक कार्यालय के तत्वावधान में टैलेंट सर्च 2025 का आयोजन कैमरी स्थित सुरभि आर्ट सिटी में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैमरी के सरपंच ओमप्रकाश भांभू रहे, जबकि अध्यक्षता जिला परियोजना संयोजक राम रतन ने की।

मुख्य अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ छात्रों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ाते हैं, जिससे विद्यार्थी भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकते हैं।

अतिथियों ने नई पीढ़ी की असीम संभावनाओं पर विश्वास जताते हुए कहा कि बच्चों को सही दिशा और उपयुक्त अवसर मिलें तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने खेल, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि खेल न केवल स्वास्थ्य को दुरुस्त रखते हैं, बल्कि टीमवर्क और अनुशासन जैसे गुण भी विकसित करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन कोऑर्डिनेटर अनिल सिवाच ने किया। प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों द्वारा ग्रुप डांस, ग्रुप सॉन्ग और ग्रुप थिएटर श्रेणियों में कुल 27 टीमों ने भाग लिया। वहीं कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने 2D–3D विजुअल आर्ट्स, क्लासिकल म्यूजिक सोलो, फोक म्यूजिक सोलो, सोलो डांस और थिएटर सोलो जैसी विधाओं में अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बालक द्वारा प्रस्तुत टोकनी पीतल की, मैं पानी भर के लाई और पीएम श्री जहाजपुल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत हरियाणवी नृत्य बरसन लागी हो काली घटा सावन की दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे और खूब सराहना मिली।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी 24 नवंबर 2025 को रोहतक में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला हिसार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

निर्णायक मंडल में डॉ. संध्या, गायक संजयकांत, ऑल इंडिया रेडियो के निदेशक डॉ. पवन कुमार, कविता मोर, डॉ. मीनाक्षी महाजन, सुनील मक्कड़, श्रीमती गायत्री देवी और निरंजन सांगी शामिल रहे। मंच संचालन प्रमोद मोर और मीना कुमारी ने किया।

कार्यक्रम में डॉ. प्रवीण, बलजीत पूनिया, सतीश बालमिया, अनू खनगवाल, लक्ष्मण श्योराण, देवी लाल, लोकेश कुमार सहित सभी टीम इंचार्ज उपस्थित रहे।

SEE MORE: जनता की ताकत से काम, विकास है पहला लक्ष्य : गंगवा