समाधान शिविर में कई मामलों पर निर्देश

0
50

राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से लगातार समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को उपायुक्त अनीश यादव ने आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध व प्रभावी कार्रवाई के आवश्यक निर्देश दिए।

शिविर के दौरान गांव रावलवास निवासी भतेरी व बिमला तथा गांव मिलकपुर के एक प्रार्थी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर नवीनीकरण आवास योजना के अंतर्गत सहायता राशि न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर उपायुक्त ने जिला कल्याण अधिकारी को मामले की गहन जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं हांसी निवासी एक प्रार्थी द्वारा डिपो धारकों पर राशन के गलत उपयोग की शिकायत किए जाने पर उपायुक्त ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने की हिदायत दी।

गांव जगान निवासी एक प्रार्थी ने काजला निवासी व्यक्ति द्वारा लाल डोरे की जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत रखी, जिस पर उपायुक्त अनीश यादव ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गांव डोभी निवासी रामसिंह ने सोलर पंप की राशि जमा कराने के बावजूद कनेक्शन न लगाए जाने की शिकायत की, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को तुरंत जांच कर समस्या का समाधान करने को कहा। वहीं गांव बड़वाली ढ़ाणी निवासी सुनीता द्वारा हाउसिंग बोर्ड में धनराशि जमा कराने के बाद भी प्लॉट अलॉट न होने की शिकायत पर उपायुक्त ने एचएसवीपी विभाग के अधिकारियों को प्रार्थी की समस्या शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश हरिराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।