जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का नशा विरोधी अभियान जारी

0
36

स्वदेशी मेले में लगी जागरूकता स्टॉल, 15 हजार से अधिक लोगों ने ली जानकारी

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हिसार द्वारा समाज को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से नशा विरोधी अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में स्वदेशी मेले के दौरान प्राधिकरण की ओर से एक विशेष जागरूकता स्टॉल लगाई गई, जहां आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

मेले के समापन तक लगभग 15 हजार से अधिक लोगों ने स्टॉल पर पहुंचकर नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान, नशा मुक्ति के उपायों तथा इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी प्राप्त की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि स्टॉल के माध्यम से पैरा लीगल वालंटियर्स द्वारा आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही नशा मुक्ति से संबंधित पंपलेट, पोस्टर एवं अन्य जागरूकता सामग्री का वितरण भी किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।

उन्होंने कहा कि नशा आज समाज की एक गंभीर समस्या बन चुका है, जिसका सबसे अधिक असर युवाओं पर पड़ रहा है। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज की नींव को भी कमजोर करता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

स्टॉल पर आने वाले लोगों को यह भी जानकारी दी गई कि नशे से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु वे विधिक सेवा प्राधिकरण से नि:शुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा नशा मुक्ति केंद्रों की जानकारी भी साझा की गई, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति समय पर सहायता ले सकें।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली और समाज में नशा मुक्त वातावरण बनाने में सहयोग देने का संकल्प भी किया। स्टॉल पर पीएलवी रविंद्र, एडवोकेट हरपाल सिंह, एडवोकेट सोनू रानी सहित अन्य सदस्यों ने नागरिकों को जागरूक किया।