कन्या गुरुकुल डोभी में 15वां वार्षिक महोत्सव, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा रहे मुख्य अतिथि

हिसार, 22 नवंबर।
गांव डोभी स्थित कन्या गुरुकुल में शनिवार को 15वें वार्षिक महोत्सव एवं रानी लक्ष्मीबाई ब्लॉक के उद्घाटन का आयोजन किया गया, जिसमें कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर गुरुकुल प्रशासन ने उनका स्वागत किया।

अपने संबोधन में मंत्री गंगवा ने कहा कि गुरुकुल शिक्षा पद्धति भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर है, जो अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रहित की भावना से परिपूर्ण पीढ़ी तैयार करने में सदैव अग्रणी रही है। उन्होंने इस अवसर पर कन्या गुरुकुल डोभी के लिए अपने ऐच्छिक कोष से 5 लाख रुपये तथा ब्लॉक समिति के कोटे से अतिरिक्त 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।
रानी लक्ष्मीबाई ब्लॉक के शुभारंभ को उन्होंने ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि नई सुविधाओं और उन्नत अवसंरचना से छात्राओं को बेहतर, सुरक्षित और प्रेरणादायी शिक्षण वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा को मजबूत करना हरियाणा सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में है।
मंत्री गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र के विकास को तेज गति मिली है। सरकारी स्कूलों में आधुनिक संसाधनों का विस्तार, छात्राओं की सुरक्षा के लिए तकनीकी उपाय, उच्च शिक्षा में नए अवसर और बेटियों को प्रोत्साहन—ये सभी प्रयास सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर रही हैं और सरकार का उद्देश्य उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने के लिए हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने गुरुकुल प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय गुरुकुल परंपरा शिक्षा और संस्कृति का अनूठा संगम रही है, जिसने विश्व में भारत की विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि इसी परंपरा से संस्कार, सामाजिक जागरूकता, शिष्टाचार और बौद्धिक विकास जैसे गुण आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, ब्लॉक समिति चेयरमैन अजय गावड़, गौशाला प्रधान कुलबीर मोर, कमल सर्राफ, सुशील अग्रवाल, आचार्य बलजीत सिंह आर्य, दलबीर मोर, मुनीष ऐलावादी, डीएसपी दलजीत सिंह, इंद्रजीत आर्य, प्रवीण झंडू, स्वामी रामानंद वैश, सरपंच आजाद हिंदुस्तानी, अमृता, आचार्य देवदत्त शास्त्री, कर्नल ताराचंद, हवा सिंह, सुभाष नंबरदार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
SEE MORE: हिसार मार्केट कमेटी में नई शुरुआत























