मार्केट कमेटी हिसार के नए चेयरमैन रविन्द्र रोकी ने संभाला कार्यभार

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा सहित कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
मार्केट कमेटी हिसार के नव-नियुक्त चेयरमैन रविन्द्र रोकी और वाइस चेयरमैन अनिल डालमिया ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण समारोह में कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, विधायक विनोद भयाना, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता और जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत कर दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि मार्केट कमेटी प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा कि किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए मंडी व्यवस्था का निर्बाध संचालन अत्यंत आवश्यक है। मंत्री ने भरोसा जताया कि नया नेतृत्व मंडियों को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार मंडियों के आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दे रही है। मंडी परिसरों में सड़क, शेड, लाइटिंग, पानी, पार्किंग, सुरक्षा और तकनीकी सुविधाओं के उन्नयन के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। गंगवा ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित और समय पर मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है, जिसके लिए मंडी ढांचे को और मजबूत किया जा रहा है।
समारोह में पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, जिला महामंत्री कृष्ण सरसाना, आशीष जोशी, ब्लॉक समिति चेयरमैन अजय गावड़, सुरेंद्र मंडा, अशोक मित्तल सहित अनेक पदाधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
SEE MORE: गीता जयंती महोत्सव के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिताएँ सम्पन्न























