हरियाणा में अपराध बेलगाम, सुरजेवाला का BJP सरकार पर बड़ा हमला

0
24

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला रविवार को नरवाना विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और आमजन के दुख-सुख में शामिल होकर उनकी समस्याएं सुनीं।

नरवाना दौरे के दौरान रणदीप सुरजेवाला ने हरियाणा की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि प्रदेश में रोजाना आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। गांव हो या शहर, घर हो या बाजार—हर जगह अपराधियों का आतंक है और जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

सुरजेवाला ने कहा कि सोनीपत के राई विधानसभा क्षेत्र में इनेलो के युवा नेता भूपेंद्र सिंह उर्फ बीनू दहिया की हत्या प्रदेश में बढ़ते अपराध का जीता-जागता उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पानीपत और करनाल में हाल ही में हुई दिल दहला देने वाली घटनाएं भी भाजपा सरकार के ‘अपराध राज’ को उजागर करती हैं।

उन्होंने बताया कि करनाल के सेक्टर-16 इलाके में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी पर हमला कर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया, वहीं पानीपत में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर उसका शव खेतों में अर्धनग्न अवस्था में मिला।

सांसद ने कहा कि नए साल की शुरुआत भी हरियाणा के लिए डरावनी साबित हो रही है। रंगदारी, फिरौती और गोलीबारी की घटनाओं से प्रदेश में भय का माहौल है। पानीपत के देशराज कॉलोनी में नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी, जबकि हिसार के राजीव नगर में डेयरी संचालक के घर के बाहर फायरिंग कर अपराधी फरार हो गए। नूंह में लुटेरों द्वारा सवा करोड़ रुपये के सोने-चांदी की लूट भी कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते जघन्य अपराध पूरे प्रदेश को शर्मसार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस गंभीर स्थिति से मुंह मोड़े हुए हैं और प्रदेश में कानून का शासन अब सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है।

इस मौके पर ब्रजिंद्र सुरजेवाला, संजीव धमतान, धौला नैन, कैलाश सिंगला, सतबीर दबलैन, एडवोकेट सुशील कौशिक, पूर्व पार्षद अशोक कक्कड़, पार्षद आशुतोष कौशिक, भारत भूषण गर्ग, एडवोकेट रणधीर धनौरी सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।