सरकारी कर्मचारियों को तनावमुक्त रखने के लिए विद्यालय में हुआ योग ब्रेक कार्यक्रम

0
32

प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी कर्मचारियों को तनावमुक्त एवं ऊर्जावान बनाए रखने के उद्देश्य से सभी विभागों में 5 मिनट के योग ब्रेक की पहल की गई है। इसी क्रम में हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य की प्रेरणा तथा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. धर्मपाल पुनिया के निर्देशानुसार जिले के सरकारी विभागों एवं शिक्षण संस्थानों में योग ब्रेक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी अभियान के अंतर्गत योग कोऑर्डिनेटर डॉ. बलराज एवं योग विशेषज्ञ पूजा के सहयोग से गांव मंगाली स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति एवं मिडिल विद्यालय में योग ब्रेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान योग सहायक सुनील कुमार ने विद्यालय के स्टाफ को वाई-ब्रेक (Yoga Break) का अभ्यास कराया।

इस अवसर पर कर्मचारियों को कुर्सी पर बैठकर किए जाने वाले सरल एवं प्रभावी योगाभ्यास, सूक्ष्म क्रियाएं तथा प्राणायाम करवाए गए। सुनील कुमार ने ताड़ासन, कटिचक्रासन, गर्दन व कंधों की सूक्ष्म क्रियाएं, भ्रामरी एवं अनुलोम-विलोम प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए बताया कि केवल 5 मिनट का योग ब्रेक कार्य के बीच तनाव कम करने में अत्यंत लाभकारी है।

उन्होंने कहा कि नियमित रूप से योग ब्रेक अपनाने से मानसिक शांति मिलती है, शारीरिक थकान दूर होती है तथा कार्यक्षमता और एकाग्रता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। योग ब्रेक का उद्देश्य कार्य के दौरान शरीर एवं मन को संतुलित रखते हुए कर्मचारियों को दिनभर ऊर्जावान बनाए रखना है, जिससे कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बना रहे।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या शोभा जाखड़, प्रीति, महेंद्र सहित विद्यालय का अन्य स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।