विधायक विनोद भयाना विकास परियोजना: हांसी विधायक विनोद भयाना ने ढाणा कला गांव में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं के निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं में शहीद राव तुलाराम खेल स्टेडियम के मुख्य द्वार का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है, जिससे क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक विनोद भयाना का गर्मजोशी से स्वागत किया। हांसी को जिला बनाए जाने के लिए किए गए उनके प्रयासों से प्रसन्न ग्रामीणों ने उन्हें लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया और आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि हांसी को जिला बनने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और आमजन को प्रशासनिक सुविधाएं अधिक सुलभ होंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनोद भयाना ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि ढाणा कला सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और प्रत्येक गांव को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
इस दौरान ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग से गांव तक सर्विस रोड निर्माण की मांग रखी, जिस पर विधायक ने बताया कि यह मांग मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष रखी जा चुकी है और शीघ्र ही इस पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है। वहीं मंदिर के समीप धर्मशाला में शेड निर्माण की मांग पर विधायक ने मौके पर ही स्वीकृति देते हुए जल्द निर्माण शुरू कराने की घोषणा की।
इस अवसर पर भाजपा नेता राजपाल यादव, पुट्टी मंगल खा के सरपंच सुरेंद्र, पूर्व वाइस चेयरमैन दयानंद, ब्लॉक समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि सुभाष यादव, गांव के सरपंच भूप सिंह, रामपुर के सरपंच सुरेंद्र, ढाणी पिरान के सरपंच जंगी, पूर्व सरपंच रतिराम यादव, सभा प्रधान ओमप्रकाश, ढाणा खुर्द के सरपंच सोनू, राजेश धमाणा, विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए विधायक विनोद भयाना का धन्यवाद करते हुए आभार व्यक्त किया।























