बच्चों का शैक्षणिक स्तर सुधारने के लिए शिक्षक बनाएंगे दो माह की कार्ययोजना, कक्षा में करनी होगी चस्पा : अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल 60 स्कूलों पर रहेगा विशेष फोकस, स्वच्छ पेयजल की जांच के भी दिए निर्देश

0
20

हिसार, 30 अक्टूबर।

सरकारी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई का स्तर सुधारने के लिए अब शिक्षकों को दो महीने का लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाना होगा। इसके लिए प्रत्येक प्राथमिक शिक्षक पीरियोडिक असेसमेंट के आधार पर दो महीने की कार्ययोजना तैयार करेगा और उसे अपनी कक्षा में चस्पा करेगा। इससे बच्चों की सीखने की क्षमता और उनकी प्रगति का नियमित आकलन किया जा सकेगा।

यह निर्देश अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने जिला परियोजना कार्यान्वयन इकाई की बैठक में दिए। बैठक में निपुण हरियाणा कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में बच्चों का शैक्षणिक स्तर अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां विशेष शिक्षण योजना बनाकर सुधार किया जाए। बैठक में कैप्सूल विद्यालय सहायता कार्यक्रम के तहत चयनित 60 स्कूलों की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि इन स्कूलों में कोर टीम की तैयारी, प्रशिक्षण और शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए। जिन स्कूलों में पिछले 60 दिनों से अधिकारियों ने दौरा नहीं किया है, वहां प्राथमिकता से निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल लगने के एक घंटे के भीतर शिक्षक विभागीय पोर्टल और ऐप पर विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करें। स्कूलों में शिक्षक और विद्यार्थियों की उपस्थिति पर नियमित नजर रखी जाए। बैठक में स्कूलों में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था का मुद्दा भी उठा।

उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में पेयजल कनेक्शन नहीं है, वे जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में आवेदन करें। इसके अलावा जिन स्कूलों में पानी की सुविधा है, वहां पानी की शुद्धता की जांच करवाना सुनिश्चित करें। बैठक में अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने और निपुण रामलीला के आयोजन पर भी चर्चा हुई। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि आगामी सप्ताह जिला स्तरीय निपुण रामलीला आयोजित की जाएगी। इसके अलावा अभिभावक-शिक्षक बैठकों और विद्यालय प्रबंधन समितियों के माध्यम से स्कूलों और अभिभावकों के बीच बेहतर तालमेल बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी राम रतन, सीएमजीजीए अमोल, जिला परियोजना संयोजक विजेंद्र सिंह, उप जिला शिक्षा अधिकारी अमनदीप, पंचकुला से राज्य परियोजना क्रियान्वयन इकाई के सदस्य अनुभव, जिला आकलन समन्वयक प्रमोद कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी और सभी खंडों के ब्लॉक नोडल उपस्थित रहे।

 

 

 

 

बच्चों का शैक्षणिक स्तर सुधारने के लिए शिक्षक बनाएंगे दो माह की कार्ययोजना, कक्षा में करनी होगी चस्पा : अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल
60 स्कूलों पर रहेगा विशेष फोकस, स्वच्छ पेयजल की जांच के भी दिए निर्देश