जिला मुख्यालय पर 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक गीता जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में अनेक धार्मिक, सांस्कृतिक और जन-जागरूकता से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भगवद्गीता पर आधारित प्रदर्शनी के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाली विभिन्न विभागों की स्टॉलें भी लगाई जाएंगी।

अतिरिक्त उपायुक्त सी. जयाश्रद्वा ने अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि गीता जयंती हरियाणा का गौरवशाली पर्व है और इसे पूरे उत्साह व श्रद्धा के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियाँ समय पर पूरी की जाएँ ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस उत्सव में गीता जयंती महोत्सव, गीता सेमिनार, गीता हवन व पाठ, स्कूली बच्चों की पेंटिंग तथा अन्य प्रतियोगिताएँ, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नगर शोभा यात्रा जैसे कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहेंगे, जो समारोह की गरिमा को बढ़ाएँगे।
एसडीएम ज्योति मित्तल ने बताया कि सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की प्रदर्शनी में श्रीमद्भगवद्गीता से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों के साथ-साथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त कई विभाग अपनी-अपनी स्टॉलें लगाकर जनता को जागरूक करेंगे। समारोह में देशभक्ति से भरपूर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दर्शकों को आकर्षित करेंगी।

कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, प्रबुद्ध नागरिकों और आमजन की सक्रिय भागीदारी रहेगी। बैठक में सीटीएम हरिराम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, डीआईओ दीपक भारद्वाज, आयुष विभाग से डॉ. धर्मपाल पूनिया सहित कई विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।























