राज्य ऊर्जा संरक्षण पुरस्कारों के लिए 6 दिसंबर तक आवेदन आमंत्रित
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग, हरेडा ने वर्ष 2024–25 के राज्य ऊर्जा संरक्षण पुरस्कारों के लिए विभिन्न श्रेणियों में पात्र प्रतिभागियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक संस्थाओं और संगठनों के लिए आवेदन भेजने की अंतिम तिथि 6 दिसंबर निर्धारित की गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त एवं मुख्य परियोजना अधिकारी सी. जयाश्रद्धा ने बताया कि हरियाणा राज्य में औद्योगिक, वाणिज्यिक, सरकारी, संस्थागत तथा समूह आवासीय भवनों को ऊर्जा संरक्षण और ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर ये पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण से जुड़े नवाचार, नई तकनीकों का उपयोग, अनुसंधान एवं विकास से संबंधित परियोजनाएँ और नवीन व नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने वाले प्रयास भी पुरस्कार के लिए योग्य होंगे।
इसके साथ ही ऊर्जा क्षेत्र में प्राकृतिक संसाधनों के कुशल प्रबंधन करने वाली संस्थाएँ भी आवेदन कर सकती हैं। चयनित प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, शील्ड और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2024–25 के लिए सभी श्रेणियों में ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। अधिक जानकारी या आवेदन प्रक्रिया से संबंधित मार्गदर्शन हेतु इच्छुक व्यक्ति हरेडा की आधिकारिक वेबसाइट पर या लघु सचिवालय परिसर स्थित नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।























